संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एनआईटी 3 नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इस साल एमबीबीएस की पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी पैरामेडिकल कोर्स में भी दाखिले ले सकते हैं। इसको लेकर उच्च अधिकारियों की ओर से अस्पताल को अनुमति मिल चुकी है।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर अनिल कुमार पांडे ने बताया कि उनके अस्पताल में हर साल करीब 125 सीटों पर एमबीबीएस के दाखिले होते हैं, लेकिन इस साल उनकी ओर से इन सीटों को बढ़ाकर 150 की अनुमति मांगी गई है, जो कि जल्द ही उनको मिल जाएगी। वहीं दूसरी ओर इस साल से कॉलेज में पैरामेडिकल कोर्स के लिए भी दाखिले शुरू हो जाएंगे। जिसकी अनुमति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि पैरामेडिकल कोर्स में मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, रेडियोग्राफी, ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी, ऑप्टोमेट्री, फिजियोथेरेपी और कई अन्य कोर्स होते हैं। इन कोर्स के शुरू होने के बाद अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ की कमी भी दूर हो जाएगी। जिससे मरीजों को और भी बेहतर सुविधा मिलेगी।