27 जुलाई से होगी ओपन काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सरकारी व निजी मिलाकर कुल नौ आईटीआई संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया की तीसरी मेरिट सूची जारी हो चुकी है। इन आईटीआई में अभी भी 50 फीसदी सीटें खाली हैं। इसके बाद 27 जुलाई से ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
फरीदाबाद जिले की कुल नौ आईटीआई में इस सत्र के लिए 2,220 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिसमें से लगभग 50 फीसदी सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। वहीं, कुछ ट्रेड ऐसे भी हैं जिनमें एक भी दाखिले नहीं हुए हैं। आईटीआई प्रबंधन का कहना है कि बहुत से छात्रों ने एक से अधिक संस्थानों में आवेदन कर रखे हैं और अंतिम समय तक निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। यही वजह है कि मेरिट में नाम आने के बावजूद कई छात्र समय पर रिपोर्ट नहीं कर रहे। अब उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे समय रहते दाखिले की प्रक्रिया पूरी करें और संस्थान की वेबसाइट व नोटिस बोर्ड पर नजर बनाए रखें ताकि किसी भी जानकारी से चूक न हो।
उम्मीद की जा रही है कि ओपन काउंसलिंग के जरिए जिले के सभी आईटीआई संस्थानों की सीटें भर जाएंगी और सत्र समय पर शुरू हो सकेगा। - संतोष कुमारी, महिला आईटीआई फरीदाबाद