- 19 वर्ष आयु वर्ग में हिसार को हराकर जीती ट्रॉफी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डीपीएस सेक्टर-19 की बास्केटबॉल टीम ने सीबीएसई क्लस्टर-15 बास्केटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन सोनीपत स्थित रतनगढ़ के सर छोटूराम मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ।
टीम कोच विनय ने बताया कि फाइनल मुकाबले में डीपीएस फरीदाबाद की टीम ने हिंदू पब्लिक स्कूल हिसार को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में हिंदू पब्लिक स्कूल, हिसार को दूसरा स्थान और पाथफाइंडर स्कूल, गुरुग्राम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। 19 वर्ष आयु वर्ग टीम में मृदुल, अकुल, शुभ, शौर्यवीर, कार्तिक, भव्य, प्रतीक और शौर्य शामिल हैं।
14 वर्ष आयु वर्ग में भी डीपीएस फरीदाबाद की टीम ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। 14 वर्ष आयु वर्ग में आर्यमन, सिद्धार्थ, रिदान, कृषिव, नभय, कुशाग्र, आदित्य, ऋषि, अनघ, अचिंत्य और फरहान शामिल हैं।
स्कूल की प्रिंसिपल संगीता चक्रवर्ती ने बताया कि 19 वर्ष आयु वर्ग की विजेता टीम अब आगामी सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हरियाणा राज्य और जिले का प्रतिनिधित्व करेगी, जो 28 सितंबर से 5 अक्तूबर तक छत्तीसगढ़ में आयोजित होगी।