मामले में दो आरोपी को पहले गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
बस में 15 मार्च की सुबह मृत मिला था दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बाईपास रोड सेक्टर-37 किनारे खड़ी बस में मृत मिले दीपक की हत्या में तीसरे आरोपी दिल्ली के मोलडबंद निवासी तुषार को गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा टीम ने आरोपी को काबू किया है। इससे पहले मामले में दो आरोपी राजन व ओम चौहान को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अब पकड़े गए तुषार से पूछताछ में पता चला कि उसने वारदात के दौरान बस के बाहर खड़े रहकर निगरानी की थी। राजन व ओम चौहान ने उसे कॉल कर बुलाया था।
सेक्टर-37 एरिया में बाईपास रोड किनारे खड़ी बस में 15 मार्च 2025 की सुबह एक युवक का लहूलुहान हालत में शव मिला था। तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या की गई थी। मृतक की पहचान दिल्ली के मोलड़बंद निवासी दीपक के तौर पर हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार को सूचना दी जिसके बाद परिवार वाले फरीदाबाद आए। मृतक दीपक के भाई आकाश ने बयान पुलिस को दिए जिस पर सराय ख्वाजा थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने मृतक के दोस्त ओम चौहान को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने दावा किया कि ओम व दीपक दोनों ही दोस्त थे और साथ में नशा करते थे। पूछताछ में ओम ने पुलिस को बताया कि दीपक रुपये लाने को लेकर दबाव बनाकर परेशान करता था। इसी से तंग आकर उसने चाकू से वार कर हत्या कर दी। बाद में राजन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब तीसरे आरोपी तुषार को गिरफ्तार किया गया है।