आरोपियों ने लिंक भेज पेमेंट के नाम पर 30 रुपये की बजाय खाते से काट लिए हजारों रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ऑनलाइन दवा ऑर्डर करने के बाद कूरियर कंपनी का नंबर ऑनलाइन सर्च किया तो व्यक्ति का संपर्क ठगों से हो गया। आरोपियों ने लिंक भेजकर 30 रुपये की पेमेंट करने को कहा लेकिन बाद में शिकायतकर्ता से 98 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-23 एरिया के राजकुमार ने दी है। इनका कहना है कि कुछ दिन पहले अमेजन से दवा ऑर्डर की थी। तब बताया गया कि कूरियर कंपनी के जरिये ये डिलीवर होगी। कूरियर का पता करने के लिए कंपनी का कस्टमर केयर नंबर ऑनलाइन सर्च किया। वहां मिले नंबर पर संपर्क किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में नंबर से कॉल आई और आरोपी ने कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर बात की। आरोपी ने कहा कि आपका कूरियर हमारे पास स्टोर में रखा है। उसने लिंक देकर 30 रुपये की पेमेंट करने को कहा। शिकायतकर्ता ने लिंक खोलकर पेमेंट करनी चाही तो नहीं हुई। बाद में इनके खाते से 98 हजार रुपये कट गए। तब ठगी का पता चला और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना एनआईटी में अब एफआईआर दर्ज की गई है।