काफी समय से सक्रिय है आरोपियों का गिरोह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ताला-चाबी बनाने के बहाने लोगों के घर में चोरी करने वाले गिरोह ने सेक्टर-28 स्थित एक घर से 60 हजार रुपये चुरा लिए। घर में मौजूद 81 साल के बुजुर्ग ने आरोपियों को अलमारी के ताले ठीक करने के लिए बुलाया था। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुरदिता (81) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह सेक्टर-28 में रहते हैं। उनकी बेटी नोएडा की एक कंपनी में काम करती है। 08 जून को वह घर पर अकेले थे। गली में ताला ठीक करने की आवाज लगा रहे दो युवकों को उन्होने घर की अलमारी का ताला ठीक करने के लिए बुला लिया। दोनों युवक कमरे में पहुंचे और अलमारी की चाबी मांगी। पीड़ित का कहना है आरोपियों ने अलमारी में चाबी फंसा दी और दूसरी चाबी मांगने लगे। बुजुर्ग जब वह दूसरी चाबी लेने गए तो आरोपी अलमारी से 60 हजार रुपये चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।