फरीदाबाद के अलावा पलवल में भी उसी दिन की थी दूसरी वारदात
दूसरी वारदात को लेकर पलवल में दर्ज है एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गुरुग्राम के सिकंदरपुर से फरीदाबाद के लिए कैब में बैठाकर निजी कंपनी कर्मचारी से लूटपाट मामले में एक आरोपी मलेरना रोड निवासी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने आरोपी को आदर्श नगर एरिया से काबू किया है। ये मूलरूप से यूपी मथुरा कोसी का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि 4 मार्च को अपने दोस्तों के साथ मिलकर रेलवे रोड बल्लभगढ़ से कोसी कला जाने के लिए कैब बुक की थी। रास्ते में पलवल फ्लाईओवर से पहले बहाने से रुकवाकर चालक से मारपीट कर कैब व अन्य सामान लूट लिया था। जिसे लेकर पलवल में एफआईआर दर्ज है।
इस लूटी गई कैब को लेकर आरोपी रात को ही गुरुग्राम पहुंचे। अल-सुबह एक व्यक्ति को फरीदाबाद के लिए कैब में बैठाया और टोल पार कर उससे मारपीट कर कैब से फेंककर भाग गए। जिसे लेकर एसजीएम नगर थाना में एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
एसजीएम नगर थाना में ये एफआईआर 5 मार्च को दर्ज हुई थी। मामले में फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी के रहने वाले दीपक कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि वो गुरुग्राम सेक्टर-39 की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। सिकंदरपुर से सफेद रंग की वैगन आर कैब में फरीदाबाद के लिए सवार हो गए। कैब में चालक के अलावा दो अन्य लोग थे। फरीदाबाद रोड पर टोल पार करने के बाद चालक ने सड़क किनारे कैब रोकी और मारपीट कर लूटपाट की। बुधवार सुबह आरोपी उसे एसजीएम नगर केंद्रीय विद्यालय के पास खाली जगह पर कैब से धक्का देकर भाग गए।