बसें नहीं रुकने के कारण लोगों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मंझावली पुल को जोड़ने वाली सड़क के आस पास रहने वाले लाखों लोगों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। खेड़ी पुल से सीधी सड़क जोकि काफी पुरानी है, वह मंझावली पुल को जोड़ती है। इस सड़क पर कई सोसाइटियां, बैंक्वेट हॉल व स्कूल हैं। इसके बावजूद एक भी बस स्टैंड नहीं बनाया गया है।
सेक्टर- 89 स्थित पुरी लैवेंडर सोसाइटी में रहने वाले निवासी आशीष ने बताया कि इतनी ज्यादा आबादी होने के बावजूद पूरी सड़क पर एक भी बस स्टैंड नहीं है। इसके चलते निवासियों और अन्य लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान करने को लेकर कई बार मांग भी की गई है, लेकिन समस्या की ओर ध्यान भी नहीं दिया गया। सोसाइटी के साथ में ही एक बड़ा स्कूल है, इसके अलावा सड़क पर और भी कई स्कूल हैं, जहां से हजारों बच्चे सार्वजनिक वाहन पर निर्भर हैं। बच्चे ऑटो, कैब व अन्य वाहनों से घर जाते हैं।
मुख्य बात यह है कि सड़क से बसें तो निकलती हैं, लेकिन बस स्टैंड न होने के कारण बसें एक निर्धारित स्थान पर रुकती नहीं हैं। यदि बस स्टैंड बनाया जाए और बसें एक निर्धारित स्थान पर रुके, तो इससे लोगों को काफी सुविधा होगी। इससे हजारों बच्चों और अभिभावकों को राहत मिलेगी। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
आरडब्ल्यूए प्रधान संजय रावत व निवासी जितेंद्र ने बताया कि सड़क से एक दिन में कई बसों की आवाजाही है, जिसमें निजी और हरियाणा रोडवेज दोनों शामिल हैं। इस सड़क से नोएडा की कनेक्टिविटी है। यदि बस स्टैंड बना दिया जाए, तो बसें स्टॉप पर रुकेंगी और लोगों को सुविधा होगी। हमारी प्रशासन से मांग है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए, जिससे लोगों को सुविधा और राहत मिल सके।