ईएसआई डिस्पेंसरी में 25 जून को आई थी मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर की जवाहर कॉलोनी स्थित 6 नंबर ईएसआई डिस्पेंसरी में इसी साल 25 जून को ईसीजी मशीन लाई गई थी। लेकिन अब तक मशीन का उपयोग करने के लिए कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं आया है। इसके चलते इमरजेंसी के मामलों में अन्य विभागों के डॉक्टर ही मरीजों के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में मरीजों में सही जांच होने और ना होने की आशंका बनी रहती है।
अस्पताल के लैब इंचार्ज ने बताया कि करीब 4 माह पहले मशीन आ गई थी, पर अभी इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं आया है। बता दें कि हाल में ईएसआईसी की ओर से कहा गया था कि शहर में चल रही सभी डिस्पेंसरियों में ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अस्पताल के बाहर बैठे मरीजों ने बताया कि छोटी-मोटी बीमारियों की दवाइयां लेने यहां आते हैं। किसी भी चीज की जांच कराने के लिए एनआईटी 3 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में जाते हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है लोगों को होने वाली समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।