छठ पूजा पर स्पेशल ट्रेनों में नहीं मिल रही जगह
फरीदाबाद। बृहस्पतिवार को नहाय खाय के साथ ही छठ पर्व की शुरूआत हो गई। एनसीआर में रहने वाले नौकरीपेशा लोग अभी भी छठ पूजा पर घर जाने के लिए रेलवे आरक्षण केंद्र की दौड़ लगा रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
बुधवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर दोपहर तक आरक्षण केंद्र के टिकट काउंटर पर जुर्माना से बचने के लिए वेटिंग टिकट की उम्मीद में घंटों खड़े रहे। कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट का कोटा भी भर जाने के कारण बिना वेटिंग टिकट के ही मायूस होकर लौटना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को नहाय खाय के साथ ही छठ पर्व की शुरूआत हो जाएगी। बृहस्पतिवार का भी किसी ट्रेन में टिकट मिल जाता तो वह खरना के दिन अपने घर पहुंच सकते थे। अब स्लीपर कोच में जुर्माना देकर सफर तय करना पड़ेगा।
उधर, कुछ यात्री रेलवे आरक्षण केंद्र से निराश अभी भी टिकट की उम्मीद लिए विभिन्न ट्रैवल्स एजेंट के भी चक्कर काट रहे हैं। वह दोगुने पैसे लेकर एक या दो यात्री को ही तत्काल कोटे की टिकट दे पा रहे हैं। अधिकांश पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी वेटिंग डेढ़ सौ से ऊपर चल रही हैं। इससे इतर जिन यात्रियों ने पहले से विभिन्न ट्रेनों में आरक्षण करा रखा है, वह भी लोकल ट्रेनों से अपने गंतव्य स्टेशन की तरफ जा रहे हैं। इससे लोकल ट्रेनों में भीड़भाड़ देखने को मिल रही है। पूर्वांचल, बिहार, झारखंड, बंगाल व उड़ीसा समेत असम जाने वाली अधिकांश ट्रेनें नई दिल्ली, आनंद विहार व सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से बन कर चलती है। यहां तक पहुंचने के लिए यात्री लोकल ट्रेनों का सहारा ले रहे हैं।
इन ट्रेनों में वेटिंग भी बंद
12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस वेटिंग बंद
12566 बिहार संपर्क क्रांति वेटिंग बंद
12368 विक्रमशिला वेटिंग बंद
12394 संपूर्ण क्रांति वेटिंग बंद
12554 वैशाली वेटिंग बंद