कूड़ा जलाने व निर्माण सामग्री रखने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त सोनल गोयल ने बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की है। बुधवार को करते हुए मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता व स्वास्थ्य अधिकारी को सफाई निरीक्षकों के साथ-साथ कनिष्ठ अभियंता व सहायक अभियंता के साथ बैठक का आयोजन किया। इसमें अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से भी कूड़ा जलाने वालों और खुले में भवन सामग्री डालने वालों के अधिक से अधिक चालान करने के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में निर्माण सामग्री खुले में बिना ढके मिली या कोई निर्माण कार्य होता मिला तो उस क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूरे निगम क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश देने के साथ सड़कों व मुख्य रास्तों पर टैंकरों से पानी का छिड़काव करने को कहा है। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वे निगम प्रशासन का सहयोग करें। यदि कोई खुले में कूड़ा जलाने वालों व बिना ढके निर्माण सामग्री रखने वालों की सूचना निगम को व्हाटसएप नंबर 9599780982 पर संबंधित क्षेत्र की जानकारी सहित भेजें। निगम उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।