सात मई से शुरू हुई थी प्रक्रिया, एक सप्ताह में 10-15 आवेदन ही प्राप्त हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हुए करीब एक सप्ताह हो गया है। लेकिन अभ्यर्थियों में इसको लेकर उत्साह देखने को नहीं मिला। महाविद्यालयों ने इस बार दाखिले की प्रक्रिया परिणाम आने से पहले ही शुरू कर दी गई थी। यही वजह है कि पिछले एक सप्ताह में महाविद्यालयों में न के बराबर आवेदन आए हैं।
फरीदाबाद में पंडित जवाहर लाल नेहरू, राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय बल्लभगढ़, राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान, राजकीय महाविद्यालय तिगांव, राजकीय महाविद्यालय मोहना सहित छह महाविद्यालय हैं। इन महाविद्यालयों में अभी तक 10-15 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग में सात मई से दाखिले की प्रक्रिया शुरू हुई थी। महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि बोर्ड का रिजल्ट देरी से आने के कारण आवेदनों की संख्या में कमी आई है। हरियाणा बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद आवेदनों की संख्या में इजाफा देखने को मिल सकता है। हालांकि अभी तक सीबीएसई का परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि विद्यार्थी 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। छह जून तक दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। पहली मेरिट सूची 11 जून को जारी होगी जबकि दूसरी मेरिट सूची 17 जून को आएगी। जिन विद्यार्थियों का चयन नहीं होगा उनके लिए 24 जून को फिजिकल काउंसलिंग होगी। खाली सीटों के लिए 25 जून से पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। इसके अलावा 26 जून से दो जुलाई तक बची हुई सीटों के लिए सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ काउंसलिंग की जाएगी। इसके बाद भी सीटें रिक्त बचती हैैं तो हर दिन सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ 10 जुलाई काउंसलिंग होगी।
महाविद्यालय में अभी आवेदन बहुत कम आए हैं। हालांकि अब 12वीं का परिणाम आ गया है तो आवेदनों की संख्या में जल्द ही वृद्धि देखने को मिलेगी।-अर्चना वर्मा, प्राचार्या, राजकीय कन्या महाविद्यालय नचौली