संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर स्तनपान कक्ष की सुविधा नहीं होने से महिला यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं का कहना है कि यहां शिशु को स्तनपान कराने या उसकी देखभाल के लिए किसी निजी और सुरक्षित स्थान की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में खुले या भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म पर ही बच्चाें को स्तनपान कराना पड़ता है। जो उनके लिए असहज और असुविधाजनक होता है।
महिला यात्रियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों जैसे हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली स्टेशन पर यह सुविधा उपलब्ध है, जहां महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिलता है। लेकिन ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर इसकी अनुपलब्धता से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। रेलवे को इस दिशा में जल्द कदम उठाना चाहिए।
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य जारी है और यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। मौजूदा निर्माण और सुधार कार्यों के तहत आगे चलकर स्तनपान कक्ष जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। - बीएस भंडारी, स्टेशन अधीक्षक