177 बसें हैं बल्लभगढ़ डिपो के पास
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ बस डिपो के पास पर्याप्त मात्रा में रोडवेज बसें तो हैं, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण नए रूट शुरू नहीं हो पा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है कि डिपो में चालकों व परिचालकों की नियुक्ति की जाए, ताकि यात्रियों की सुविधा के अनुसार नए रूटों को शुरू कर सकें।
डिपो के वर्क्स मैनेजर जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पास कुल 177 बसें हैं जिसमें से 23 एसी बसें हैं। वहीं अन्य सामान्य बसें हैं। इन बसों में से अभी 14 बसों के कागजात पूरे नहीं होने की वजह से उनको डिपो के अंदर खड़ा किया हुआ है। कागजात पूरे होने के बाद उन बसों को भी रूटों पर चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नए रूटों को शुरू करने के लिए कई बार यात्रियों की तरफ से मांग आ चुकी है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण वह नए रूट शुरू नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है कि वह डिपो में चालक व परिचालकों की नियुक्ति करें।
इन रूटों को किया जा चुका है बंद
जितेंद्र कुमार ने बताया कि डिपो की ओर से पहले कटरा और सहारनपुर दोनों रूटों पर बसों का संचालन किया जाता था, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण दोनों रूटों को बंद कर दिया गया है। अगर कर्मचारियों की नियुक्ति हो जाती है, तो इन रूटों को शुरू करने की योजना बनाई जा सकती है।