फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेला में पर्यटक कार्निवाल परेड का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। यहां देश-विदेश के कलाकार अपनी परेड से हर पर्यटक के दिल पर लोक कला की अमिट छाप छोड़ रहे हैं। मेले में अलग-अलग चौपालों पर देश व विदेश के कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने रागनियों, लोकगीतों और सामूहिक नृत्य से खूब धमाल मचाया।
कार्निवाल परेड का लुत्फ उठा रहे पर्यटक : मेले में प्रतिदिन शाम छह बजे कार्निवाल परेड शुरू हो जाती है। जिसमें पार्टनर देश बिम्सटेक और थीम स्टेट ओडिशा और मध्यप्रदेश परेड की अगुवाई कर रहे हैं।
परेड में हरियाणा, असम, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, मिजोरम, सिक्किम के अलावा मिस्र, इथियोपिया, सीरिया, अफगानिस्तान, बेलारूस, म्यांमार और बंगाल भी परेड का हिस्सा बन रहे हैं। विभिन्न राज्यों के कलाकार मंडली के साथ अपने पारंपरिक परिधान व ढोल, ताशे-बाजे और चिमटे साथ लेकर निकलते हैं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हैं।