3 जुलाई को की थी आत्महत्या करने की कोशिश, पुलिस ने केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव लढौली की रहने वाली महिला को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। महिला ने 3 जुलाई को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जिसकी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मकनपुर, थाना दनकौर, जिला गौतमबुद्ध नगर, उत्तरप्रदेश निवासी मुकेश ने बताया कि 8 साल पहले उन्होंने अपनी दोनों बेटियों रेनू और रिंकी की शादी गांव लढौली निवासी बलराम व राहुल के साथ शादी थी । शादी के कुछ महीने बाद से ही बलराम ,राहुल, सास श्यामवती व देवर शिवदत्त उनकी दोनों बेटियों को दहेज के लिए प्रताड़ित करते व जान से मारने की धमकी देते थे। दोनों बेटियों के साथ कई बार मारपीट भी की है। आरोप है कि सास व पति ताना मारते हुए बेटियों को मारने के लिए उकसाते थे। 3 जुलाई की सुबह उनकी छोटी बेटी रिंकी का फोन आया कि उसका पति राहुल, जेठ बलराम, सास श्यामवती और देवर शिवदत्त चारों लोग उनको बेल्ट व डंडों से मार रहे हैं। उसने कहा कि मुझे बचा लो। जिस पर उन्होंने बेटी को कहा कि वह जल्दी ही आ रहे हैं। कुछ समय के बाद राहुल का फोन आया कि रिंकी जल गई हैं और उसको उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। वह अस्पताल में गए तो उनके बेटी ने उनको बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ रोज मार पिटाई करते थे। उसी से तंग आकर उसने आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जिस पर डॉक्टर ने बताया कि उनकी बेटी 90 प्रतिशत जल चुकी है। बेटी की उपचार के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई।
पति ने डाला था डीजल
मृतक के भाई ने बताया कि कई बार ससुराल पक्ष के लोगों को समझाया, लेकिन वह बार बार दहेज की मांग करते थे। आरोप है कि उनकी बड़ी बहन रेनू ने उनको बताया था कि रिंकी के ऊपर डीजल उसके पति राहुल ने डाला था और उसके बाद रिंकी को आग लगाने के लिए उकसाया गया। उन्होंने बताया कि पहले उसका पति नौकरी करता था लेकिन अब खेती बाड़ी करता है। इसलिए ट्रैक्टर में डीजल डालने के लिए घर पर बोतल में रखा हुआ था। उसी डीजल को उनकी बहन के ऊपर डाला गया था। मृतक रिंकी के दो बच्चे हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के साथ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।