बेटी ने चाचा को फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की दी थी सूचना
घर पहुंचने पर मिला खून से लथपथ शव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में मशीन ऑपरेटर गोपाल की हत्या के मामले में पत्नी के अवैध संबंध की बात सामने आई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि गोपाल की पत्नी काजल का आरोपी योगेंद्र के साथ करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गोपाल को पत्नी के इस संबंध के बारे में पता चल गया था। इसी के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गोपाल की हत्या का पता उस समय चला, जब उसकी बेटी शालिनी ने अपने चाचा भूरा को फोन किया। शालिनी ने पिता की तबीयत खराब होने की बात कहकर भूरा को जल्द फरीदाबाद आने के लिए कहा था। इसके बाद भूरा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां गोपाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे। यह देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
भूरा ने अपनी भतीजी शालिनी पर भी हत्या में शामिल होने का संदेह जताया था। हालांकि, फिलहाल पुलिस जांच में शालिनी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में परिजनों के बयानों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
15 साल से फरीदाबाद में नौकरी कर रहा था पति
गोपाल पिछले करीब 15 वर्षों से फरीदाबाद में नौकरी कर रहा था। उसने फरीदाबाद में ही शादी की थी। उसकी पत्नी काजल बच्चों के साथ अपने गांव कूमरपुर में रहती थी, जबकि गोपाल नौकरी के कारण फरीदाबाद में रहता था। इस दौरान पत्नी के एक बाउंसर के साथ संबंध होने की बात सामने आई।
प्रेमी को हाथरस से बुलाने की भी चर्चा
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि काजल ने कथित तौर पर अपने प्रेमी योगेंद्र को हाथरस से फरीदाबाद बुलाया था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से इस पहलू पर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या की साजिश, पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग और अन्य संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।