फरीदाबाद।
जिले की बेटी शिखा सिंह ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता की ओपन कैटेगरी के 55 किलोग्राम भार वर्ग में शिखा ने पहला स्थान हासिल किया। घर लौटने पर परिजनों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और जीत की बधाई दी। शिखा के पिता राम सिंह, मां बाला और चाचा अनिल सिंह ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। उनकी बड़ी बहन सोनिया भारतीय जलसेना में कमांडर के पद पर कार्यरत हैं। शिखा ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से बॉडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले वह एथलेटिक्स में सक्रिय थीं और 10 व 21 किलोमीटर की मैराथन में हिस्सा लेती थीं। वह हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित हरियाणा ओलंपिक में भी भाग ले चुकी हैं।
शिखा के खेल सफर में चोट के कारण बड़ा मोड़ आया। वर्ष 2016 में लिगामेंट टूटने से उन्हें करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा। स्वस्थ होने के बाद एथलेटिक्स में वापसी मुश्किल लगी तो उन्होंने बॉडी बिल्डिंग में करियर बनाने का फैसला किया। इससे पहले वह दिल्ली के मयूर विहार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
शिखा के अनुसार, बॉडी बिल्डिंग में सफलता के लिए कड़ी मेहनत, नियमित व्यायाम और खानपान पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। प्रतियोगिता से पहले शरीर को निर्धारित आकार में लाने के लिए कठिन तैयारी करनी होती है। इसमें उनकी मार्गदर्शक मोनी सहयोग करती हैं। शिखा खुद भी युवाओं को बॉडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण देती हैं। उनका लक्ष्य इस खेल में आगे बढ़ने के साथ युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।