200 मीटर क्षेत्र से 70 से अधिक अतिक्रमण हटे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुजेसर फाटक के पास प्रस्तावित अंडरपास निर्माण को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने जमीनी स्तर पर काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में अंडरपास के निर्धारित मार्ग में आ रहे अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
प्राधिकरण की टीम ने अब तक करीब 70 से अधिक अतिक्रमण हटा दिए हैं, जिससे निर्माण कार्य का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है। अधिकारियों के अनुसार अंडरपास के लगभग 200 मीटर लंबी पट्टी में अतिक्रमण किया गया था। इसमें पक्के मकान, टीन के टप्पर और अन्य कच्चे निर्माण शामिल थे। अब तक इस क्षेत्र का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा अतिक्रमण मुक्त किया जा चुका है जबकि शेष अतिक्रमण शुक्रवार तक हटाने की योजना है। प्राधिकरण का कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी। तय समय में स्वयं अतिक्रमण न हटाने पर मजबूरी में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम किसी को परेशान करने के लिए नहीं बल्कि सार्वजनिक सुविधा और लंबे समय से लंबित अंडरपास परियोजना को पूरा करने के लिए उठाया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मुजेसर फाटक पर अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को भारी परेशानी होती है। अंडरपास के निर्माण से रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम खत्म होगा और एनआईटी व बल्लभगढ़ की ओर आवागमन सुगम हो सकेगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद निर्माण एजेंसी को पूरे क्षेत्र का कब्जा सौंप दिया जाएगा, ताकि बिना किसी रुकावट के अंडरपास का काम शुरू किया जा सके। आने वाले दिनों में निर्माण कार्य की गति और तेज होने की उम्मीद है, जिससे शहरवासियों को जल्द राहत मिल सके।