एफएमडीए ने कहा, शटडाउन अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार पानी का इंतजाम कर लें
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की रेनीवेल जलापूर्ति लाइन नंबर-1 को 27 सितंबर सुबह 10 बजे से 28 सितंबर सुबह 10 बजे तक 24 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान पाइपलाइन के अंतिम कनेक्शन का कार्य किया जाएगा। इसके चलते शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। एफएमडीए के अनुसार मोहना रोड पर सिटी पार्क, बल्लभगढ़ के पास और सोहना रोड पर उत्तरी रेलवे ट्रैक के पास स्थानांतरित की गई पाइपलाइन के अंतिम कनेक्शन का काम किया जाना है। इसके लिए जलापूर्ति लाइन को बंद रखना आवश्यक है। संबंधित एजेंसियों की ओर से पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।
गौरतलब है कि बल्लभगढ़ एलिवेटेड रोड और सोहना आरओबी के फाउंडेशन कार्य की प्रस्तावित एलाइनमेंट में मौजूदा जलापूर्ति पाइपलाइन आ रही थी। निर्माण कार्य में बाधा न आए, इसके लिए संबंधित एजेंसियों ने पाइपलाइन को निर्धारित स्थानों से स्थानांतरित किया था। अब दोनों स्थानों पर पाइपलाइन के अंतिम कनेक्शन का काम किया जाएगा।
शटडाउन के दौरान सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-25, सेक्टर-58, सेक्टर-55, गौंची, शहीद पार्क, जेसीएच चौक, पंचायत भवन, जैन कॉलोनी, भीम बाग, सुभाष कॉलोनी, ऊंचागांव, मिल्क प्लांट और प्रेमनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। एफएमडीए ने इन क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे शटडाउन अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार पानी पहले से संग्रहित कर लें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण के अनुसार अंतिम कनेक्शन का कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। कार्य की प्रगति से संबंधित जानकारी के लिए निवासी परवीन सिंह, जेई, एफएमडीए एवं जलापूर्ति लाइन नंबर-1 के प्रभारी से मोबाइल नंबर 8053822029 पर संपर्क कर सकते हैं।