दोनों तरफ भरा हुआ है पानी, ग्रामीणों ने कहा- प्रशासन को देना चाहिए ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मंझावली यमुना पुल के पास मिट्टी का कटाव रोकने के लिए बनाई गई दीवार अपने स्थान से खिसक गई है। वहीं अन्य दीवारों की स्थिति भी ठीक नहीं है। यह पुल देरी से बनने के चलते लगातार सुर्खियों में रहा है। इस पुल व रास्ते का निर्माण पीडब्ल्यूडी ने कराया है। फिलहाल इस पुल के दोनों तरफ यमुना के बढ़ते जलस्तर के चलते काफी पानी है।
अभी तक उत्तर प्रदेश की ओर सड़क निर्माण नहीं होने के चलते इस रास्ते की कनेक्टिविटी आगे नहीं हो पाई है। मंझावली गांव में यमुना पर बने इस पुल से उत्तरप्रदेश की सीमा तक के रास्ते के बीच में आवागमन के लिए एक अंडरपास का निर्माण किया गया था। इसके साथ में सड़क के कटाव को रोकने व अंडरपास के सपोर्ट के लिए बनाई गईं दीवारें अब अपनी जगह से खिसकनी शुरू हो गई हैं।
ग्रामीणों को करना पड़ सकता है दिक्कतों का सामना
हाल-फिलहाल दीवार खिसकी है, लेकिन जिस तरीके से पानी का बहाव है ऐसे में दीवार गिरने व सड़क का कटाव होने की संभावना ज्यादा है। ग्रामीण अपने खेतों की ओर इसी अंडरपास से होकर गुजरते हैं । इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी मुकेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रशासन अब इस मामले पर अपनी गलती मानने की बजाय पानी के तेज बहाव पर ठीकरा फोड़ेगा । प्रशासन को निर्माण के समय ही सभी बातों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए था ।
दीवार के खिसकने का अनुमानित कारण अपेक्षा से अधिक पानी का आना है । इसकी मरम्मत का कार्य यमुना का जलस्तर सामान्य होने पर ही संभव होगा। - प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी