करीब 400 छात्रों को तीसरे राउंड में अलॉट की जाएंगी सीटें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के 9 आईटीआई संस्थानों में आज (सोमवार) से तीसरे राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरूआत होगी। जहां पर पहले दिन छात्र यह देख सकेंगे कि किस ट्रेड में कितनी सीटें खाली हैं। किस ट्रेड में प्रतिस्पर्धा ज्यादा है और किस ट्रेड में दाखिला मिलने की संभावना ज्यादा है।
इसके आधार पर विद्यार्थी अपनी ट्रेड बदल भी सकेंगे। बता दें कि बीती दो राउंड की काउंसलिंग के बाद 70 से 80 छात्रों ने अपनी ट्रेड बदलकर नई ट्रेड का चुनाव किया है। कोपा और इलेक्ट्रीशियन जैसी ट्रेड में प्रतिस्पर्धा ज्यादा और सीट कम होने के कारण कई छात्र अब अपनी ट्रेड बदल रहे हैं। छात्र वेल्डर, प्लंबर, मैकेनिक डीजल और टर्नर डुअल आदि ट्रेड की तरफ भी रुख कर रहे हैं। छात्र पांच अगस्त तक अपनी ट्रेड में बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद सात अगस्त को करीब 400 छात्रों को उनकी मेरिट के आधार पर सीटें अलॉट की जाएंगी।
सीटें अलॉट होने के बाद सात से 11 अगस्त तक छात्रों के फॉर्म का सत्यापन किया जाएगा। इस अवधि के बीच जिन-जिन छात्रों की फॉर्म सत्यापन प्रक्रिया पूरी होती जाएगी, वह 12 अगस्त तक फीस जमा करके अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। बता दें कि दो राउंड की काउंसलिंग के बाद 9 संस्थानों में 800 से अधिक छात्रों को सीटें अलॉट की जा चुकी हैं। इनमें पहले राउंड में 508 और दूसरे राउंड में 382 सीटें छात्रों को अलॉट की गई थी। सबसे ज्यादा सीटें सिकरौना और एनआईटी स्थित संस्थान में अलॉट की गई हैं।