फरीदाबाद। गड्ढा कॉलोनी में एक छात्र को दो लोगों के झगड़े के बीच बोलना महंगा पड़ गया। दिल्ली में कंप्यूटर कोर्स की पढ़ाई करने वाले ध्रुव जब 22 फरवरी की सुबह घर से निकलकर दिल्ली जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने देखा कि हुसैन नाम का व्यक्ति आशु नाम के युवक से झगड़ा कर रहा है।
ध्रुव ने बस इतना ही पूछा कि वे क्यों लड़ रहे हैं लेकिन इतने पर हुसैन भड़क गया और उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया। ध्रुव ने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की लेकिन हुसैन ने पीछा करके उनकी पीठ पर वार कर दिया, जिससे उनके कंधे पर गहरा घाव हो गया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने ध्रुव को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल छात्र की शिकायत पर खेड़ी पुल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है और आरोपी हुसैन की तलाश की जा रही है। संवाद