अपराध शाखा बीपीटीपी की टीम ने पकड़े आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना इलाके में मारपीट व गोली चलाने के मामले में तीन आरोपियों को अपराध शाखा बीपीटीपी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दिल्ली के तुगलकाबाद के रहने वाले रोहित, कमल व विपिन शामिल हैं।
इनसे पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी अमित के दोस्त हैं। इनको अमित ने सौरव के कहने पर पीयूष के साथ मारपीट करने के लिए अनु श्री सोसाइटी में बुलाया था। आरोपियों ने कबूला की विपिन अपने साथ पिस्टल लेकर आया था। जब पीयूष व उसकी मंगेतर सोसाइटी में पहुंचे तो उन्होंने गाड़ी में तोड़-फोड़ कर पीयूष के साथ मारपीट की और अमित ने सौरव से पिस्टल लेकर फायर किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी रोहित व कमल को जेल भेजा गया है, वही विपिन को 1 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। मामले में सौरव व अमित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बीपीटीपी थाना पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-75 के रहने वाले पीयूष ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपनी मंगेतर के साथ अनु श्री सोसाइटी में रह रहा है। 9 फरवरी को सौरव नाम का एक लड़का अपनी मां के साथ उनके घर पर आया और उसकी मंगेतर को साथ ले जाने की बात कही। इस पर पीयूष की मंगेतर ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी के चलते 10 फरवरी को शिकायतकर्ता व उसकी मंगेतर गाड़ी से सोसाइटी में पहुंचे तो सौरव व उसके साथियों ने हमला कर दी। सौरव ने उसके ऊपर पिस्टल तान दी और जब वह बच कर भागा तो अमित ने सौरव से पिस्टल लेकर उसके ऊपर फायर कर दिया। बीपीटीपी थाना पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। मामले में जांच करते हुए अपराध शाखा टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।