संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर पालिका प्रशासन सफाई का लाख दावा करे मगर शहर की स्थिति इसके विपरीत है। शहर में जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। चाहे बात नीलम बाटा रोड की हो या सेक्टर-15ए निरंकारी भवन मार्केट के सामने की हो, चाहे बात एनआईटी- 4 गांधी काॅलोनी के पास की हो या फिर डबुआ रोड की। हर जगह चौक चौराहों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोग नेशनल हाईवे से नीलम फ्लाईओवर के रास्ते एनआईटी में प्रवेश करते हैं, तो सबसे पहले नीलम बाटा रोड पर जाते हैं। इस रोड पर करीब 10 बड़े होटल और रेस्टोरेंट हैं, लेकिन सड़क पर एक किलोमीटर के दायरे में कई जगह कूड़ा फैला हुआ है। नगर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा है। गंदगी होने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। अधिक गर्मी के कारण धूप में कूड़ा सड़ जाता है, जिससे दुर्गंध आने लगती है।