8-10 बदमाशों ने रॉड और फरसे से किया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में झगड़े का निपटारा कराना एक परचून दुकानदार को भारी पड़ गया। बीच-बचाव करने से नाराज करीब आठ-दस बदमाशों ने दुकानदार पर रॉड और फरसे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में पीड़ित का हाथ फ्रैक्चर हो गया है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डबुआ थाना पुलिस ने उमंग, अनिल, राघव और अमन जाट सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मूलरूप से झारखंड निवासी सुमित कुमार ने डबुआ कॉलोनी में परचून की दुकान खोल रखी है। एफआईआर के अनुसार 26 जनवरी को दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी तरुण का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसे सुमित ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए 28 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे हमलावरों ने दुकान में घुसते ही तरुण को पीटना शुरू कर दिया। जब सुमित बीच-बचाव करने आए, तो बदमाशों ने उन पर रॉड और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में सुमित का हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी एकत्र होने लगे, तो हमलावर गल्ले से करीब पांच हजार रुपये लेकर और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।