संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 23वीं किश्त का हस्तांतरण 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, भूपानी में आयोजित किया जाएगा, जहां जिले के किसान बड़ी संख्या में भाग ले सकेंगे।
कृषि विज्ञान केंद्र फरीदाबाद के वरिष्ठ समन्वयक डॉ. अशोक कुमार देशवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पात्र किसानों को योजना की किश्त जारी किए जाने की प्रक्रिया का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नई फसल पद्धतियों, प्राकृतिक खेती और कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, भूपानी परिसर में शुरू होगा।