अब हर घर तक पहुंचेगा नल का जल, गुरुग्राम नहर के किनारे बने 36 नलकूपों से पांच जलाशयों तक पानी पहुंचाया जाएगा
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। केंद्र सरकार ने फरीदाबाद की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। करीब 10 करोड़ की लागत से शहर के ऐसे इलाके में भी पानी पहुंचाया जाएगा जहां पर लोगों को पेयजल के लिए समस्या होती है। नगर निगम की तरफ से लोगों को स्थायी राहत देने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) के तहत गुरुग्राम नहर के किनारे बने 36 नलकूपों से पांच जलाशयों तक पानी पहुंचाया जाएगा। यह पानी उन इलाकों तक पहुंचेगा जहां पर लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
यह परियोजना उन इलाकों के लिए उम्मीद की किरण है जो वर्षों से पीने के पानी की कमी से जूझ रहे हैं। खासकर नई विकसित कॉलोनियां और बाहरी क्षेत्र जहां पानी की आपूर्ति आज भी टैंकरों या निजी बोरवेल पर निर्भर है। वहां के लोगों को अब रोजाना पानी के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
परियोजना के तहत गुरुग्राम नहर के किनारे बने 36 मौजूदा नलकूपों से पानी को इकट्ठा कर शहर के अंदर स्थित पांच बड़े जलाशयों तक भेजा जाएगा। इसके लिए नई और मजबूत पाइपलाइन (राइजिंग मेन) बिछाई जाएगी। इससे पानी का दबाव और सप्लाई दोनों बेहतर होंगे। यह सिस्टम हजारों परिवारों को रोजाना पर्याप्त स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएगा।
लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना से हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक टैंकर व बाहर का खराब पानी पीने के कारण लोगों को गंदे पानी के कारण होने वाली बीमारियों का डर लगा रहता है। इस परियोजना के बाद डायरिया, टाइफाइड और हैजा के मामलों में कमी आने की उम्मीद है। वहीं अब महिलाओं को पानी लाने के लिए घंटों टैंकरों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही लोगों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। अभी जो परिवार टैंकरों पर हजारों रुपये खर्च करते हैं उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। नियमित सप्लाई से उन्हें फालतू पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
इन इलाकों को अमृत योजना से मिलेगी राहत
फरीदाबाद के कई क्षेत्र वर्षों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इनमें ओल्ड फरीदाबाद के एनआईटी-1 से 5 ब्लॉक, बल्लभगढ़ का आदर्श नगर, चावला कॉलोनी, प्रेम नगर, सेक्टर-22, 23, 25, 28, सीही गांव, तिगांव रोड क्षेत्र, संत नगर, नई कॉलोनी, बसी गांव, सारन और राजीव कॉलोनी जैसे इलाके प्रमुख हैं। इन जगहों पर गर्मियों में स्थिति और भी विकट हो जाती है और टैंकरों से पानी मंगाना आम बात है। अब अमृत योजना के तहत पानी की आपूर्ति से इनमें से कई इलाकों को लाभ मिल सकता है।
लोगों की सुविधाओं के लिए नगर निगम हर स्तर पर तेजी से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को इस परियोजना का लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। - नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम