संवाद न्यूज एजेंसीबल्लभगढ़। बल्लभगढ़-सोहना रोड पर रोजाना जाम की समस्या से परेशान हजारों वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। सड़क को दोनों ओर से करीब चार-चार फीट तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे इसकी कुल चौड़ाई लगभग आठ फीट बढ़ जाएगी। बल्लभगढ़-सोहना रोड क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसका उपयोग गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र की ओर जाने वाले हजारों लोग प्रतिदिन करते हैं। इस मार्ग से रोजाना करीब 50 हजार वाहन गुजरते हैं। हालांकि बल्लभगढ़ से पाली चौक तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क के दोनों किनारों पर हुए अतिक्रमण के कारण इसकी चौड़ाई कम हो गई है, जिससे सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
फिलहाल पीडब्ल्यूडी ने बरसात से पहले सड़क की अस्थायी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। साथ ही सड़क के स्थायी सुधार के लिए नए सिरे से डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभाग सड़क के दोनों किनारों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और वर्तमान यातायात दबाव का अध्ययन कर विस्तृत योजना तैयार कर रहा है।
पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता चरनदीप राणा ने बताया कि प्रारंभिक सर्वे और तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है। प्रशासनिक और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।