संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अस्पतालों को रेफर-मुक्त बनाने की मांग को लेकर सोमवार से हरियाणा स्तरीय साइकिल यात्रा और सांकेतिक धरना प्रदर्शन की शुरुआत की गई। यात्रा की शुरुआत नगर निगम मुख्यालय के सामने सांकेतिक धरने के साथ हुई, जिसके बाद जिला सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया। शाम करीब पांच बजे यात्रा पलवल के लिए रवाना हो गई। यह अभियान हरियाणा के सभी 22 जिलों तक पहुंचेगा।
अभियान के तहत सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े शहरों व निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने की समस्या उठाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदेश के सिविल अस्पतालों में पर्याप्त संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में सिविल अस्पतालों में 30 बेड के आईसीयू, स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति, ट्रॉमा सेंटर की स्थापना तथा एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और खून जांच जैसी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल और गर्मी से राहत की व्यवस्थाएं बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।
अभियान से जुड़े समाजसेवी सतीश चोपड़ा ने कहा कि उद्देश्य हर जिले के सरकारी अस्पताल को मजबूत बनाना है ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सके और रेफर की समस्या कम हो। इस दौरान कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी समर्थन दिया।