सीवर कार्य के नाम पर दोबारा मरम्मत शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्याली चौक से जवाहर कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क एक बार फिर टूटने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। करीब सात माह पहले इस सड़क का निर्माण किया गया था, जिसे लेकर उस समय क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन भी किया था।
विरोध के बाद फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से सड़क का निर्माण कराया गया था। अब वही सड़क दोबारा तोड़े जाने से लोगों में सवाल उठने लगे हैं कि जब हाल ही में सड़क बनाई गई थी तो फिर इसे क्यों खोदा जा रहा है। इस संबंध में जब एफएमडीए के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से इस मार्ग पर सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया है। इसी कारण सड़क को तोड़ना पड़ा और अब इसे दोबारा से ठीक किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि सीवर कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पहले से बेहतर स्थिति में बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी न हो। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण बार-बार सड़कें टूट रही हैं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और आम जनता को असुविधा झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि भविष्य में किसी भी विकास कार्य से पहले सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ योजना बनाएं, ताकि नई बनी सड़कों को बार-बार खोदने की नौबत न आए।