गोंछी में दुकान के बाहर हुआ विवाद, मुजेसर थाना पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गोंछी क्षेत्र में मंगलवार रात एक दुकान के बाहर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे युवक की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से मुजेसर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी बन्ने सिंह के रूप में हुई है। वह जीवन नगर पार्ट-दो स्थित एसके ट्रेडर्स के कबाड़ गोदाम में काम करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह गोंछी में एक पकौड़ी की दुकान के पास बैठकर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। दुकान पर मौजूद महिलाओं ने उसे वहां से जाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि इसके बाद महिलाओं ने अपने परिजनों को बुला लिया। कहासुनी बढ़ने पर परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे उसके परिजन उसे अपने साथ ले गए, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।