3.71 करोड़ से सड़क होगी दुरुस्त, नाला पक्का और स्लिप रोड का काम भी जल्द होगा पूरा, जाम और जलभराव से मिलेगी रहात
06 महीने में पूरा होगा एफएमडीए का प्रोजेक्ट
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र के सबसे व्यस्त नीलम से बीके चौक मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने 3.71 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को मंजूरी दे दी है। सड़क सुधार के साथ इस कॉरिडोर पर चल रहे नाले को पक्का करने और बीके चौक पर स्लिप रोड निर्माण से ट्रैफिक और जलभराव जैसी दो बड़ी समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी बढ़ गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नीलम से बीके चौक तक करीब 350 मीटर लंबा यह मार्ग एनआईटी के प्रमुख बाजार, बीके अस्पताल, औद्योगिक क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। सुबह-शाम कार्यालय समय में यहां लंबा जाम लगना आम बात है। सड़क की खराब स्थिति, बार-बार होने वाली खुदाई और बरसात में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। जिला अस्पताल के साथ नगर निगम कार्यालय व एनआईटी बस स्टैंड जाने वाला प्रमुख मार्ग है।
एफएमडीए की नई परियोजना के तहत सड़क का पुनर्निर्माण, फुटपाथ, हरित पट्टी, लैंडस्केपिंग और अन्य शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सड़क 60 मीटर राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) के अनुरूप विकसित होगी।
नाला पक्का होने से जलभराव में मिलेगी राहत
सड़क परियोजना के साथ-साथ एफएमडीए नीलम चौक से बीके चौक तक खुले नाले को पक्का करने का काम भी करा रहा है। हर वर्ष बरसात के दौरान इस क्षेत्र में पानी भरने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि नाले के पक्कीकरण से वर्षा जल की निकासी बेहतर होगी और सड़क पर पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक कम होगी।
बीके चौक पर स्लिप रोड का निर्माण भी चल रहा है। इससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और मुख्य चौराहे पर ट्रैफिक दबाव घटाने में मदद मिलेगी। शहर के यातायात विशेषज्ञ भी लंबे समय से इस चौराहे पर ट्रैफिक सुधार के उपायों की जरूरत बताते रहे हैं।
गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर
एफएमडीए ने निर्माण एजेंसी को भूमिगत बिजली, गैस और संचार लाइनों की सुरक्षा के लिए कॉल बिफोर यू डिग प्रणाली का पालन करना होगा। पर्यावरण संरक्षण और एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन भी अनिवार्य रहेगा। समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।
इस मार्ग को बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा। - केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता एफएमडीए