- ऑटो पार्ट्स सेक्टर से आया सबसे ज्यादा कर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अप्रैल माह से नया वित्तीय वर्ष लागू होने के बाद से जिले से वस्तु एवं सेवा कर के माध्यम से लगभग 3750 करोड़ रुपये राजस्व विभाग के खाते में गए हैं। इनमें राज्य माल और सेवा कर (एसजीएसटी), केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर (आईजीएसटी) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सेवा कर (सीईएसएस) ये सभी शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक जीएसटी ऑटो पार्ट्स सेक्टर से आया है, जो करीब एक हजार करोड़ रुपये रहा है। वहीं, दूसरे स्थान पर मशीनी उपकरणों के भाग का सेक्टर रहा है। यहां से 550 करोड़ से अधिक कर राजस्व विभाग को प्राप्त हुआ है।
बता दें कि 2024-25 वित्तीय वर्ष के मुकाबले इन शुरुआती पांच महीनों में जिले से वस्तु एवं सेवा कर में 2.89 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जो कि तकरीबन सौ करोड़ 90 लाख रुपये हैं। पिछले तीन महीनों कि बात करें तो जून में 541.02 करोड़ रुपये जिले वासियों ने कर दिया था। जुलाई में 567.96 करोड़ रुपये सरकार को जीएसटी के रूप में प्राप्त हुए थे। वहीं, अगस्त में यह आंकड़ा 539.52 करोड़ रहा है जबकि सिर्फ ऑटो पार्ट्स से ही पिछले माह 258 करोड़ से अधिक रुपयों का कर प्राप्त हुआ है। मशीनी उपकरणों के भाग से करीब 122 करोड़ रुपये जिले ने जीएसटी के माध्यम से दिए हैं।
जीएसटी के प्रकार के आंकड़ों पर नजर डालें तो एसजीएसटी को 1906 करोड़, सीजीएसटी को 1423 करोड़, आईजीएसटी को 302 करोड़ और सीईएसएस को 128 करोड़ रुपये जिले से अब तक प्राप्त हुए हैं।
वस्तु एवं सेवा कर भवन के अधिकारियों ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले इस वित्तीय वर्ष में जिले से प्राप्त जीएसटी में अब करीब 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आगामी त्योहारों के महीनों में इनमें और इजाफा होगा।