-तेज आंधी व बारिश से बिजली के खंभे भी टूटे, रातभर गुल रही कई इलाकों की बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज हवाओं और बारिश ने जहां एक ओर तापमान में गिरावट लाई, वहीं खेतों में खड़ी पकी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासकर सरसों, गेहूं और जौ की तैयार फसल इस बेमौसम बारिश की चपेट में आ गई और खेतों में ही बिछ गई। तेज हवाओं से नूंह सदर थाने के आसपास तथा कुर्थला गांव में बिजली के पोल टूट गए, जिसके चलते पूरे नूंह सब डिवीजन में पूरी रात बिजली गुल रही।
मौसम विभाग पहले ही हरियाणा सहित उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था। कई जगहों पर 70–80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी। बुधवार शाम से बृहस्पतिवार सुबह तक नूंह, नगीना व पुनहाना ब्लॉक में 13 एमएम, तावडू ब्लॉक में 8 एमएम तथा फिरोजपुर झिरका में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार बृहस्पतिवार व शुक्रवार को भी जिले में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। जिसके चलते किसानों की चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही है।
-
खेतों में बिछी फसल, कटाई पर संकट :
नूंह क्षेत्र में इस समय रबी की फसल पूरी तरह पककर तैयार है और किसान कटाई की तैयारी में लगे हुए थे। लेकिन अचानक आई तेज हवा और बारिश से सरसों की फसल झड़ने लगी, जबकि गेहूं की बालियां जमीन पर गिर गई। मानसिंह नंबरदार, हरीश, प्रदीप, राजपाल, ओम प्रकाश, हमीदा, आरिफ, अंसार, शब्बीर, मोहम्मद सलीम आदि किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक मौसम खराब होने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। फसल के गिरने से दानों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा कटाई में भी अब ज्यादा मेहनत और खर्च लगने की संभावना है।
हमने कटाई की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन बारिश ने सब खराब कर दिया। सरसों की फली खुलकर गिर रही है, जिससे सीधा नुकसान हो रहा है।
महेंद्र किसान।
गेहूं अब पक चुका था। तेज हवा से आधी फसल जमीन पर लेट गई है। अब कटाई में दिक्कत और उत्पादन दोनों घटेंगे।
रहीश किसान।
अगर एक-दो दिन और मौसम खराब रहा तो पूरी फसल खराब हो सकती है। सरकार को सर्वे कराकर मुआवजा देना चाहिए।
सुरेन्द्र किसान।
नुकसान का आकलन बढ़ने की आशंका
सरसों की फली झड़ने से उत्पादन में गिरावट गेहूं की फसल गिरने से कटाई में दिक्कत और दाना खराब होने का खतरा, जौ की फसल पर भी प्रतिकूल असर कई खेतों में पानी भरने से और नुकसान संभव
कृषि विशेषज्ञों की सलाह:
कृषि विभाग नूंह के एसडीओ डाक्टर अजीत ने कहा कि जल्द से जल्द पकी फसल की कटाई करें। कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। गिरी हुई फसल को जल्दी उठाकर नुकसान कम करने का प्रयास करें।
बिजली रही रात भर रही गुल :
तेज हवाओं के चलते बुधवार की शाम नूंह में सदर थाने के पास 6 पोल तथा कुर्थला गांव में दो पोल टूट गए। जिसके कारण रातभर पूरा नूंह शहर व ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में रहा। बृहस्पतिवार की सुबह होते ही बिजली कर्मचारियों ने टूटे हुए पोल बदलने का काम शुरु कर दिया, जिसके चलते दोपहर बाद इलाके में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। एसडीओ बिजली निगम नूंह ने बताया कि कुर्थला गांव में टूटे पोल को शुक्रवार को बदल दिया जाएगा।