सेक्टर में भर रहा बारिश का पानी, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से लोगों ने की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर- 31, 33 के पास एनएचएआई द्वारा दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के किनारे बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाया गया नाला लीक हो रहा है। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर भरने वाला बारिश का पानी नाले के बजाए सेक्टर में भर रहा है। यह देखकर सेक्टर के लोग हैरान हैं। स्थानीय निवासियों ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत कर नाले के निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और ठेकेदार के खिलाफ जांच की मांग है।
सेक्टर- 31, 33 स्थित आईपी कॉलोनी पॉकेट सी के आरडब्ल्यूए प्रधान वीरेंद्र तोमर, विकास मेहता, आईपी कॉलोनी के प्रधान जेपी भारद्वाज और निवासी केतन सूरी ने बताया कि हाल ही में बाईपास पर एनएचएआई द्वारा बरसाती नाला बनवाया गया था। इसके लिए एनएचएआई ने कॉलोनी की दीवार भी तोड़ दी थी। जिसे आज तक नहीं बनवाया गया है। इससे सेक्टर में बारिश का पानी भरने के साथ- साथ सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। इस संबंध में स्थानीय निवासी कई बार एनएचएआई के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है।
एनएचएआई ने मैनहोल खुला छोडा
इसके अलावा लोगों ने बताया कि इससे पहले सर्विस रोड पर एनएचएआई द्वारा मैनहोल खुला छोड़ दिया गया था। जिसमें पिछले दिनों एक गाय गिर गई थी। वहां से आवागमन करने वाले लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी थी। इसके बाद पुलिस ने सर्विस रोड को तोड़कर जेसीबी की मदद से गाय को बाहर निकाला था। एनएचएआई द्वारा टूटी सड़क की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है और न ही खुले मैनहोल पर ढक्कन लगाया गया है।
वर्जन
यह मामला अब हमारे संज्ञान में आया है। अधिकारियों को निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा और खामी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को कहकर नाले की मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।-
धीरज सिंह, उपमहाप्रबंधक- एनएचएआई फरीदाबाद