राजस्थान से पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजस्थान मानसरोवर के प्रॉपर्टी डीलर हेमंत ने अपने कर्मचारी का खाता खुलवाकर साइबर ठगों को दिया था। हेमंत के अलावा उसके कर्मचारी राजस्थान अजमेर निवासी चंदन को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हेमंत से पूछताछ में पता चला कि इसने नीलम का खाता खुलवाया था और खाता खुलवाने में चंदन ने भी मदद की थी। इस खाते में ठगी के 30 लाख रुपये आए थे।
आरोपी हेमंत प्रॉपर्टी डीलर है। नीलम और चंदन दोनों ही इसके पास काम करते हैं। केंद्रीय श्रम मंत्रालय की सेवानिवृत्त महिला अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 40 लाख रुपये की ठगी के इस मामले में अब तक पुलिस टीम 28 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। अब तक कुल 11 आरोपियों को पुलिस टीम गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
डिजिटल अरेस्ट कर ठगी की इस वारदात को लेकर शिकायत ग्रीन वैली में रहने वाली महिला ने दी थी। महिला केंद्रीय श्रम मंत्रालय से सेवानिवृत्त हैं। उन्हें एक नंबर से कॉल आई और ट्राई कर्मचारी बनकर बात की। आरोपी ने महिला पर आरोप लगाया कि उनके मोबाइल नंबर का प्रयोग कर लोगों से जबरन वसूली की जा रही है। फिर कॉल को पुलिस को ट्रांसफर कर दिया जिन्होंने बाद में महिला की आईडी पर मुंबई में खुले बैंक खाते में 6 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन का आरोप लगाया। 18 दिनों तक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 40 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच के बाद अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।