संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने पिछले पांच माह में जमकर कार्रवाई की है। इस दौरान नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही 20 बड़ी फैक्ट्रियों को बंद कराया गया है। ये फैक्ट्रियां लंबे समय से इलाके में गंभीर प्रदूषण फैला रही थीं। निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार बंद कराई गई फैक्ट्रियां सरूरपुर, नंगला, कुरेशीपुर, नेकपुर, भागलपुर और गाजीपुर क्षेत्रों में संचालित हो रही थीं। इन औद्योगिक इकाइयों में मुख्य रूप से एल्यूमिनियम गलाने के लिए भट्टियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन भट्टियों से निकलने वाली जहरीली गैसें हवा में घुलकर वातावरण को गंभीर रूप से दूषित कर रही थीं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि इन फैक्ट्रियों में न तो प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाए गए थे और न ही उत्सर्जन से जुड़े मानकों का पालन किया जा रहा था। कई इकाइयां बिना अनुमति के ही संचालित हो रही थीं। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर फैक्ट्रियों को तत्काल बंद करने के आदेश दिए गए।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के डर से करीब 100 अन्य कारखाने पहले ही अपने संचालन को बंद कर चुके हैं। बल्लभगढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार ने बताया कि आगे भी जिले में नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और जो भी इकाई नियमों का उल्लंघन करती पाई जाएगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।