कई महीनों से सीवर लाइन डालने के लिए गलियों को खोदकर छोड़ दिया गया है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में गलियों का निर्माण अधूरा होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ रही है। जिन रास्तों से होकर लोग रोजाना अपने काम पर जाते हैं, उन्हीं गलियों का काम पूरा नहीं होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई महीनों से सीवर लाइन डालने के लिए गलियों को खोदकर छोड़ दिया गया है। लोगों ने कई बार प्रशासन को भी इसकी शिकायत दी, लेकिन गलियों का काम भी पूरा नहीं हुआ।
लोगों ने बताया कि गलियों का अधूरा निर्माण केवल रास्ते की समस्या नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आवाजाही से जुड़ा मुद्दा है। लोगों को घर से निकलने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में अधूरे काम को जल्द पूरा करना जरूरी है, ताकि कॉलोनी के निवासियों को बेहतर रास्ते मिल सकें। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उसे तय समय में पूरा किया जाना चाहिए, जिससे लंबे समय तक असुविधा न बनी रहे।
डबुआ कॉलोनी निवासी हेमंत ने बताया कि अधूरी गलियों के कारण रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार रात के समय वाहन चालक भी गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वहीं, निवासी काजल ने बताया कि रास्ते ठीक होने से बच्चों, बुजुर्गों को राहत मिलेगी। नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि सीवर लाइन का काम जल्द से जल्द पूरा कराकर लोगों को राहत मिलेगी।