मंत्री ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदर्शनी के अवलोकन किया
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। इसके बाद विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया। विभाजन की त्रासदी झेल चुके कैप्टन तुलसीदास, द्वारिका नाथ कथूरिया और प्रकाश लाल शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास की घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि देने का दिन है। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश आजादी की ओर बढ़ रहा था, वहीं विभाजन ने करोड़ों लोगों को विस्थापन और दुख झेलने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा कि विभाजन से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक अखंडता को मजबूत करना जरूरी है।
विज्ञापन
भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि विभाजन के दौरान करीब डेढ़ करोड़ लोग विस्थापित हुए। फरीदाबाद में भी बड़ी संख्या में विस्थापित परिवार बसे, जिन्होंने मेहनत और संघर्ष से शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने युवाओं से पूर्वजों के संघर्ष को जानने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
बल्लभगढ़ जिलाध्यक्ष सोहनपाल सिंह ने कहा कि यह दिन उत्सव का नहीं, बल्कि विभाजन की पीड़ा और बलिदान को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय एकता और भाईचारा मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, डीईओ विपिन गोयल सहित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और विद्यार्थी मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ जिलाध्यक्ष सोहनपाल सिंह और उपायुक्त आयुष सिन्हा मौजूद रहे।