- करीब 28 किलोमीटर लंबे मार्ग से जुड़ेंगे औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से पलवल तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार से फरीदाबाद और पलवल के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। करीब 28 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 11 प्रमुख स्थानों को जोड़ने की योजना बताई गई है। परियोजना की अंतिम व्यवहार्यता रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को भेजी गई है।पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो चलने से औद्योगिक विकास को पंख लगेंगे
प्रस्तावित मार्ग में सेक्टर 58-59 (झाड़सेंतली), सीकरी, सोफ्ता, पृथला, बघौला, आल्हापुर, दिल्ली गेट, पलवल बस स्टैंड, आगरा चौक, पलवल लघु सचिवालय और केएमपी शामिल है। मेट्रो विस्तार से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के आसपास स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को लाभ मिल सकता है।
बल्लभगढ़ से पलवल मेट्रो चलाने की 25 जून 2023 को पृथला के गदपुरी टोल पर आयोजित फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की गौरव रैली में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की सहमति पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की थी। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र की मंजूरी और आगे की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। निर्माण शुरू होने और मेट्रो सेवा चालू होने की समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं है।