संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की भारी संख्या के चलते मंगलवार को नीलम चौर अजौंदा रोड, सेक्टर-16 और 17 डिवाइडिंग रोड पर ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह और शाम के समय गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। मिनटों को सफर घंटों में पूरा हुआ। स्कूल, कार्यालय और अस्पताल जाने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए। ट्रैफिक पुलिस की ओर से व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, लेकिन भारी भीड़ और सीमित मार्गों के कारण हालात नियंत्रण में नहीं आ पा रहे हैं। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कांवड़ मार्गों पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। साथ ही, लोगों से धैर्य बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि यात्रा समाप्ति तक निगरानी बढ़ाई जाएगी और ट्रैफिक की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हमारी टीम लगातार फील्ड में है और कोशिश कर रही है कि किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो। कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी है, इसलिए सभी से अनुरोध है कि सहयोगात्मक रवैया अपनाएं और नियमों का पालन करें।– अनोज कुमार, ट्रैफिक एसएचओ