अब डिपो से जा रही है सिर्फ एक ही बस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। महाकुंभ के संगम घाट पर 29 जनवरी की सुबह मची भगदड़ के बाद डिपो की ओर से चलाई जा रही बसों में श्रद्धालुओं की संख्या कम हो गई है। हादसे से पहले डिपो से दो से तीन अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाता था लेकिन अब सिर्फ एक ही बस चलाई जा रही है। उस बस में भी 30 से 35 श्रद्धालु ही सफर कर रहे हैं।
डिपो की ओर से महाकुंभ के लिए 24 जनवरी से बसों का संचालन शुरू किया गया था। उस दौरान प्रति बस में करीब 60 से 65 श्रद्धालु सफर करते थे। लेकिन 29 जनवरी की सुबह दो बजे मची भगदड़ के बाद से ही जिले से जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली है। हादसे से पहले डिपो की ओर से दो से तीन अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाता था। लेकिन अब डिपो से सुबह 8 बजे एक बस को रवाना किया जा रहा है। जिसमें 30 से 35 सवारी ही सफर कर रहीं हैं। उन सवारियों में से भी महाकुंभ जाने वाली सवारियों की संख्या कम है। हादसे से पहले बस में 60 से 65 सवारी महाकुंभ की होती थीं। जिसके चलते डिपो की आय एक तरफ से करीब 60 से 70 हजार रुपये की होती थी। अब काफी कम हो रही है।
डयूटी इंचार्ज भागीरथ शर्मा ने बताया कि पहले डिपो की ओर से दो से तीन बसों को महाकुंभ के लिए रवाना किया जाता था। लेकिन अब एक ही बस जा रही है। जिसमें 30 से 35 सवारी सफर करती हैं।