ईएसआईसी : मरीजों को 7 से 8 महीने बाद की जांच की तारीख दी जा रही है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल में जल्द ही एक और एमआरआई मशीन लगाई जाएगी। इससे मरीजों को एमआरआई के लिए महीनों की लंबी प्रतीक्षा से छुटकारा मिलेगा।
अस्पताल में आयोजित विकास समिति की बैठक में यह जानकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि एमआरआई और सीटी स्कैन की नई मशीनों की खरीद प्रक्रिया संतनगर स्थित ईएसआईसी मुख्यालय की ओर से की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये मशीनें जल्द अस्पताल में स्थापित की जाएंगी।
फरीदाबाद के अलावा दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, सोनीपत, पानीपत, रेवाड़ी, पलवल और होडल जैसे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज रोजाना ईएसआईसी अस्पताल पहुंचते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन साढ़े चार हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में अस्पताल में मात्र एक एमआरआई मशीन है, जिस पर अत्यधिक लोड होने के कारण मरीजों को 7 से 8 महीने बाद की जांच की तारीख दी जा रही है। नई मशीन लगने से यह भार काफी हद तक कम होगा।
दवाइयों की उपलब्धता भी बनी बड़ी समस्या
बैठक में अस्पताल में दवाइयों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समिति के सदस्य बेचू गिरी ने कहा कि अस्पताल की सूची में शामिल दवाइयां भी मरीजों को समय पर नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उन्हें निजी मेडिकल स्टोरों से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं। उन्होंने दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। अस्पताल विकास समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
-वर्जन
अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्कैन की नई मशीनें लगाई जाएंगी। इसकी खरीद प्रक्रिया ईएसआईसी संतनगर कर रहा है। उम्मीद है यह मशीनें जल्द अस्पताल पहुंचेगी। - संदीप कुमार, चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल