प्रॉपर्टी टैक्स में कचरा उठान शुल्क जोड़ने का आरडब्ल्यूए कर रही हैं विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के कड़े विरोध के बाद नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र ने प्रॉपर्टी टैक्स से कचरा उठान शुल्क का विकल्प हटाने का आश्वासन दिया है। हालांकि सभी आरडब्ल्यूए और निवासियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से अभी तक कोई लिखित में जानकारी या आदेश साझा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वे करीब दो साल से कचरा उठान शुल्क भर रहे हैं। जब तक लिखित में नहीं दिया जाएगा तब तक भरोसा नहीं किया जा सकता है।
बता दें कि लंबे समय से निवासी लगभग 600 रुपये का कचरा उठान शुल्क भर रहे हैं। सोसाइटियों में रहने वाले निवासियों ने बताया कि नगर निगम की ओर से कोई भी कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी नहीं पहुंचती है। सभी सोसाइटियों में आरडब्ल्यूए के लोगों ने निजी एजेंसियों को ठेका दे रखा है। निजी एजेंसी की ओर से ही सोसाइटियों में कूड़ा उठाया जाता है, जिसका शुल्क सोसाइटी के सभी निवासी मिलकर देते हैं। ऐसे में नगर निगम को कचरा उठान शुल्क आखिर क्यों दिया जाए।
-
वर्षों से नगर निगम की ओर से कोई भी गाड़ी कचरा उठाने के लिए नहीं आई है। हमने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।
निशांत रस्तोगी, आरडब्ल्यूए प्रधान, पुरी प्राणायाम सोसाइटी
जब तक लिखित में पत्र नहीं साझा किया जाता, तब तक हमें भरोसा नहीं होगा। अभी शुल्क न भरें, लेकिन कुछ समय बाद फिर से यह शुल्क भरवा जा सकता है। -
अंकित त्यागी, निवासी, आगमन सोसाइटी
यदि अब इस विकल्प को प्रोपर्टी टैक्स से हटा दिया जाए, तो यह हमारे लिए राहत की खबर है। सभी निवासियों को बिना वजह करीब 600 रुपये तक का भुगतान करना पड़ता है। -
आशीष गौड़, निवासी, पुरी लैवेंडर सोसाइटी