अधिकारियों को दिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूलों की जर्जर स्थिति को देखते हुए विधायक धनेश अदलखा ने क्षेत्र के 17 सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ बैठक की। यह बैठक एनआईटी स्थित गोल्फ क्लब में आयोजित की गई, जिसमें जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल और खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. कमल विशेष रूप से मौजूद रहे। प्राचार्यों ने बताया कि कई स्कूलों की इमारतों को मरम्मत की सख्त जरूरत हैं। कहीं छत से पानी टपकता है तो कहीं दीवारें टूट-फूट रही हैं, जिससे छात्रों और शिक्षकों दोनों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा शौचालय, बिजली और लैब जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की समस्याएं भी सामने आईं।
विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि शिक्षा संस्थान समाज की रीढ़ होते हैं और विद्यार्थियों को सुरक्षित तथा बेहतर वातावरण देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सबसे पहले सभी स्कूलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। इस रिपोर्ट में भवन की मरम्मत, शौचालय, पीने के पानी और कक्षाओं की स्थिति का पूरा ब्यौरा शामिल किया जाएगा।
निर्णय लिया गया कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर फंड की मांग सरकार को भेजी जाएगी और अगली बैठक में मरम्मत के लिए आवश्यक बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि किसी भी स्कूल को संसाधनों की कमी से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।