फरीदाबाद। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बदमाशों ने एक कैब चालक से उसकी गाड़ी, मोबाइल व 3500 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार लेकर गुरुग्राम की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। पुलिस को करीब आता देख आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुन्हाना के गांव चांद डाका निवासी सादिक ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई की गाड़ी ओला कंपनी में लगा रखी है। 5 जून को वह गुरुग्राम से एक सवारी लेकर फरीदाबाद सेक्टर 24 आया था। शाम करीब साढ़े सात बजे गुरुग्राम जाते समय सैनिक कॉलोनी लाल बत्ती के समीप तीन युवकों ने उसे रुकने का इशारा किया। युवकों ने इफको चौक जाने की बात कही। 300 रुपये किराया तय होने के बाद सभी गाड़ी में बैठ गए। करीब 1 किमी दूर हनुमान मंदिर के पास पहुंचने पर एक युवक ने गाड़ी को लघुशंका के लिए रुकवा लिया। कुछ देर में आगे बैठे युवक ने गाड़ी का हैंडब्रेक खींच दिया। आरोपियों ने पीड़ित की गर्दन पर चाकू लगाते हुए उसकी तलाशी लेनी कर दी। बदमाशों ने उससे 3500 रुपये व मोबाइल ले लिया और उसे बाहर निकलने को कहा। इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर गुरुग्राम की तरफ फरार हो गए। पीड़ित चालक ने घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पाली चौकी प्रभारी एसआई ओमप्रकाश ने कार सवार बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें भी उस दिशा में दौड़ने लगी। गाड़ी के अंदर चालक का एक छोटा मोबाइल था। उस मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों का पीछा करती रही। पुलिस की दबिश देखकर आरोपी घबरा गए और कार को सड़क पर छोड़कर भाग गए।