बदमाशों ने 30 हजार रुपये भी लूटे, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और पुलिस की गश्त होने के बावजूद चोरी और सरेआम लूटपाट कर वारदात पर लगाम नहीं लग रही है। रविवार को ताजुपुर-बदरपुर गांव के बीच स्थित श्मशान घाट के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग कर कार सवार एक युवक को पहले रोका, फिर उसे कार से बाहर खींचकर जमकर मारपीट की। आरोप है कि बदमाश उससे 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। भूपानी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भुआपुर निवासी राहुल तोमर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि सात जून को दोपहर में वह भारत कॉलोनी निवासी में एक दोस्त को करीब 30 हजार रुपये देने गया था लेकिन दोस्त घर पर नहीं मिला। जब वह वापस गांव लौट रहा था तभी बदरपुर मोड़ के पास एक स्कार्पियों में सवार पांच-छह युवकों ने उसे हाथ देकर रोकने का प्रयास किया। उसने कार नहीं रोकी और उसकी गति बढ़ा दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका पीछा शुरू किया। कट्टे से फायरिंग की। इससे उसकी कार गांव ताजुपुर-बदरपुर के बीच स्थित एक श्मशान घाट की दीवार को तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद स्कार्पियो सवार बदमाशों उसे कार से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जेब में रखे 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। भूपानी थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।