अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने विभागीय अधिकारियों के साथ पंचकूला में बैठक की। उन्होंने समय पर पूरा राशन डिपो तक पहुंचने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मंत्री राजेश नागर ने फरीदाबाद में जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य आपूर्ति की व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं लेकिन मौजूद अन्य शिकायतों को दूर करने के लिए हमने बैठक की है। उन्होंने बताया कि इस महीने का राशन 30 मई तक सभी डिपो में पहुंच चुका था, केवल दो प्रतिशत दुकानों में किसी कारण से आपूर्ति में बाधा आई है। उसे भी हम जल्द ही दूर कर लेंगे।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राशन डिपो पर पूरा राशन एक साथ पहुंचे, जिससे कि उपभोक्ता को बार-बार चक्कर न लगाना पड़े। नागर ने कहा कि कई बार आपूर्ति न होने के कारण अनाज और तेल अलग-अलग समय पर पहुंचता है, जिससे उपभोक्ता को कई बार राशन के लिए चक्कर लगाना पड़ता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने सभी जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वह नियमित आधार पर सभी डिपो का निरीक्षण करें और उसकी मासिक आधार पर रिपोर्ट विभाग में जमा करें।
राशन न लेने वाले धारकों के रद्द होंगे कार्ड
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि विभाग को पता चला कि करीब चार लाख राशन कार्ड धारकों ने कभी राशन नहीं लिया है। इसके बाद उनकी जांच कर रद्दीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है।