खाटू धाम से हेलीकॉप्टर द्वारा लाई गई ज्योति बनी श्रद्धा का केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव भुआपुर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बृहस्पतिवार को श्रद्धा और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में श्री खाटू श्याम दरबार से लाई गई पवित्र ज्योति के साथ भगवान श्री खाटू श्याम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से संपन्न हुई। विशेष आकर्षण यह रहा कि मंदिर में स्थापित की गई ज्योति श्री खाटू श्याम मंदिर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से लाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस धार्मिक आयोजन के आयोजक पूर्व जिला पार्षद प्रत्याशी कृष्ण नागर रहे। कार्यक्रम से पहले आसपास के गांवों में प्रभात फेरी और नगर परिक्रमा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर परिक्रमा को हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि सेठों के सेठ भगवान श्री खाटू श्याम जी भुआपुर में विराजमान हुए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार तीर्थ यात्राओं को लेकर लगातार प्रयासरत है। प्रयागराज महाकुंभ के लिए निशुल्क यात्राओं के बाद अब हिसार और गुरुग्राम से खाटू श्याम एवं सालासर धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना भी सरकार का अहम प्रोजेक्ट है।
महंत गिरधर गिरी महाराज के सान्निध्य में नगर परिक्रमा गांव भुआपुर से शुरू होकर फत्तूपुरा, शाहाबाद, ताजूपुर, ढहकोला, भैंसरावली और तिगांव होते हुए पुनः भुआपुर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में सरपंच वेद प्रकाश नागर, विक्रम प्रताप नागर, वेद अधाना, चेयरमैन राजेश्वर भाटी, बाबू समरवीर नागर, डॉ. कर्मवीर नागर, सीए संदीप नागर सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।